- व्यापारी हित में किया जाएगा आंदोलन
श्रीगंगानगर, 20 अगस्त 2018: जिला व्यापार संघ ने
नरमा में आढ़त बंद करने पर रोष व्यक्त किया है। जिला व्यापार संघ के अध्यक्ष किशन सिंह दुग्गल ने कहा कि सरकारी खरीद में आढ़त बंद करने से कारोबार ठप्प हो जायेगा। गेहूं, चना, सरसों, मूंग, नरमा सहित सभी जिसों पर आढ़त मिलनी चाहिये। सरकार को व्यापारी हित में शीघ्र इस निर्णय को वापिस लेना चाहिए तथा सरकारी खरीद में आढ़त जारी रहनी चाहिए। केन्द्र सरकार के मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से दूरभाष पर वार्ता हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र ही निराकरण करवाया जायेगा तथा व्यापारियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। जिलाध्यक्ष किशन सिंह दुग्गल ने कड़े शब्दों में कहा कि जरूरत पडऩे पर मण्डियों को बंद किया जायेगा तथा आंदोलन किया जायेगा। जब तक व्यापारियों की समस्याओं का हल नहीं होगा, तब तक जिला व्यापार संघ द्वारा संघर्ष जारी रखा जायेगा।
जिला महामंत्री ओमप्रकाश गर्ग ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा नरमा में आढ़त नहीं देने के निर्णय से व्यापारियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा, जिससे मजदूर वर्ग व किसान वर्ग को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सरकार खुद खरीद एजेंसियों को कमीशन देती है, तो कच्चा आढ़तियों के साथ दोगला व्यवहार क्यों कर रही है। सरकार को तुरन्त अपने इस निर्णय को वापिस लेते हुए सभ्ीा जिंसों पर आढ़त देनी चाहिए।
गर्ग ने कहा कि सरसों व चने की सरकारी खरीद में ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन से किसानों को काफी परेशानी हुई है। उनका इस सीजन में यह अनुभव अत्यन्त परेशानी वाला रहा है। औपचारिकताओं की अधिकता ने इसमें कोढ़ में खाज का काम किया है। माल लाने के लिए टोकन के इंतजार में काफी समय बर्बाद हुआ। इसलिये किसान एवं व्यापारियों की मांग है कि नरमा की खरीद का कार्य ऑफलाईन प्रक्रिया से किया जाये, जिससे किसानों एवं व्यापारियों को राहत मिल सके। यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान कच्चा आढ़तिया ही किसान, मजदूर और खरीद एजेंसी को समस्त सुविधायें उपलब्ध करवाता है, इसलिये आढ़त उनका हक है। गर्ग ने कहा कि इस बारे में भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल से वार्ता होने पर उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलकर इस समस्या का हल करवाया जायेगा। इस सम्बन्ध में सम्बन्धित मंत्रियों और अधिकारियों से वार्तालाप जारी है। जिला व्यापार संघ ने मांग की है कि व्यापारी हित में नरमा में आढ़त जारी रखी जाये तथा नरमा ऑफलाईन प्रक्रिया द्वारा ही खरीद किया जाये।
No comments:
Post a Comment