आमजन में भय, अपराधियों में विश्वास
गंगानगर जिला कप्तान की कार्यशैली से आमजन त्रस्त
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। गंगानगर जिले की जनता की सुरक्षा के नाम पर गंगानगर में पुलिस का लम्बा-चौड़ा लवाजमा है। एक आईपीएस, आधा दर्जन से ज्यादा आरपीएस, दर्जनों इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर के अलावा सैकड़ों की संख्या में कांस्टेबल व हैड कांस्टेबल हैं। इन सब कर्मियों पर लाखों रुपये प्रतिमाह राज्य सरकार वेतन तथा सुविधाओं के नाम पर खर्च कर रहे हैं। लाखों रुपये थानों को संचालित करने पर खर्च किये जा रहे हैं। यह सब पैसा राज्य की जनता के खून-पसीने की कमाई है। इस पैसे को खर्च करने के बाद जिले में कानून-व्यवस्था नहीं है। पुलिस है तो वह एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रही है। जनता को राहत पहुंचाने के स्थान पर उसको प्रताडि़त कर रही है। नतीजा यह हो रहा है कि कोई महिला थाना के सामने आत्मदाह का प्रयास कर रही है तो कोई पुलिस से प्रताडि़त होकर थाना में ही आत्महत्या। इन सबके बावजूद क्यों है जनता और नेता चुप?
गंगानगर जिले में पिछले कुछ माह में ऐसी घटनाएं हुई हैं जिसके बाद यह सोचने की जरूरत पड़ गयी है कि सरकार क्यों लाखों रुपये पुलिस विभाग पर खर्च कर रही है। पुलिस आम जनता को राहत देने के स्थान पर उसे प्रताडि़त करती नजर आ रही है। हालात यह है कि पंजाब की तरह जिले में भी निर्दोष को जेल तक भेजा जा रहा है। गंगानगर में एक नहीं आधा दर्जन से ज्यादा ऐसी घटनाएं हुई हैं जिनमें निर्दोष को जेल की हवा खानी पड़ी। दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं। गंगानगर शहर में ही तीन लोगों को निर्दोष होने के बावजूद मुकदमे में फांसा गया। यह तीनों पंजाबी हैं। इनमें दो अरोड़वंश समुदाय से है। क्या यह एक संयोग है या एक सुनियोजित साजिश? इन अरोड़वशियों के विरुद्ध कोई सबूत नहीं फिर भी जेल भेज दिये गये। आधा दर्जन अरोड़वंश समाज के संगठन है किंतु किसी ने भी एक विज्ञप्ति तक जारी नहीं की। इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए। एक अरोड़वंशी को मुकदमे में सिर्फ इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि चुनावों में उसने अपनी बिरादरी के प्रत्याशी का तन-मन-धन से समर्थन किया था।
गंगनगर जिले में पिछले कुछ माह में ऐसा हुआ है जो इतिहास में कभी नहीं हुआ। जनता अगर जागरुक हो गयी तो कभी भी ऐसा नहीं होगा। पुलिस को अगर अभी काबू नहीं किया गया तो संभवत: निर्दोर्षों को पुलिस घर से पकड़कर लायेगी और उन्हें जेल भेजती रहेगी। इस समय पुलिस के साथ कुछ राजनेता भी जुड़े हुए हैं और जो शिकायत होने के बावजूद इन अधिकारियों का जयपुर में पहुंचकर बचाव कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि गंगानगर में लूट-खसोट से लेकर मर्डर तक हुए। इस सबके बावजूद पीडि़त को राहत नहीं मिल पायी। लाखों रुपये की चोरी हुई किंतु इनका सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा पाई। गंगानगर शहर में शवों का व्यापार हो रहा है और जनता, पुलिस, राजनेता सबकुछ जानकर अनजान है। कोई भी पुलिस के खिलाफ नहीं बोल रहा।
गंगानगर में नियुक्त किये गये पुलिस अधीक्षक उमेशचंद्र दत्ता नागौर से स्वच्छ अधिकारी की छवि लेकर आये थे किंतु गंगानगर में वे अपनी छवि को बरकरार नहीं रख पाये हैं। उनके कार्यकाल में ऐसा बहुत कुछ हुआ है जो आज तक नहीं घटित हुआ। वे भी जानते हैं कि इस समय सबकुछ सही नहीं है, लेकिन वे कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रहे हैं? दर्जनों शिकायतें उनके व अधीनस्थ अधिकारियों के खिलाफ जयपुर पहुंची हैं। वे इन शिकायतों को अब तक अपनी राजनीतिक अप्रोच के कारण दबा रहे हैं किंतु यह राजनीतिक लोग सदा सत्ता में नहीं रहेंगे, तब भी उनके खिलाफ जांच हो सकती है।
एसपी उमेशचंद्र दत्ता के खिलाफ अदालत में एक मुकदमा दर्ज हो चुका है। अभी उनके कार्यालय से कई सनसनीखेज जानकारियां बाहर आने वाली हैं। अगर इस समय जो हालात है उस पर नजर डाली जाये तो यह साफ है कि स्वच्छ छवि वाले पुलिस अधिकारी इस समय अपना बोरिया बिस्तर बांध चुके हैं। वे राज्य सरकार की जारी होने वाली तबादला सूची का इंतजार कर रहे हैं। इन अधिकारियों का पता है कि एक दिन ऐसा आयेगा जब हथियार लाइसेंस कांड की तरह काफी कुछ बाहर निकलेगा और उन्हें अपनी जान बचानी मुश्किल हो जायेगी। पुलिस अधीक्षक इस समय दोषी पुलिस अधिकारियों को बचाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए वे गलत रिपोर्ट भी भेज रहे हैं। एक गलत रिपोर्ट का खुलासा पिछले दिनों हो गया जिसमें उन्होंने विधानसभा में गलत जानकारी भेज दी थी।
उमेशंचद्र दत्ता के कार्यकाल में कुछ ऐसी कार्रवाई हुई जिनकी जांच आज भी अधूरी है। पुलिस अधिकारियों पर उंगुलियां उठ रही हैं।
घटना : 20-21 मार्च को कालियां गांव में हुक्मी बाई हत्याकांड। आरोपी राधाकृष्ण गिरफ्तार
नतीजा : पुलिस के पास कोई सबूत नहीं। अभियुक्त रिहा। पुलिस की कार्यशैली पर उठी अंगुलियां।
घटना : 22-23 जून की रात छात्रा खुशदीप पर तेजाब से हमला। अभियुक्त बलराजसिंह गिरफ्तार।
नतीजा : बलराजसिंह को मुलजिम ठहराने के लिए पुलिस के पास कोई सबूत नहीं।
घटना : 29 जून की रात को गंगानगर में एक भर्ती परीक्षा में शामिल होने आये युवकों से नेहरू पार्क में लूटपाट।
नतीजा : पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से किया इन्कार।
घटना : 25 जुलाई को गंगासिंह स्टेडियम में एक शो के नाम पर सरेआम ठगी। दर्शकों पर पुलिस ने चलाई लाठियां।
नतीजा : मुकदमा दर्ज होने के बावजूद असली मुलजिम गिरफ्तार नहीं।
घटना : 26 जुलाई को घमूड़वाली में शराब पीकर पुलिसकर्मियों ने किया हुड़दंग। पत्रकार से दुव्र्यवहार।
नतीजा :पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से किया इन्कार।
घटना : 29 जुलाई को सूरतगढ़ पुलिस की लापरवाही। गोलियों से छलनी हुए युवक के दर्ज नहीं किये बयान।
नतीजा : सूरतगढ़वासियों ने शव के साथ डाला पड़ाव। थानाधिकारी को हटाया। जांच के नाम पर लीपापोती। वापिस थानाधिकारी बनाया। मुलजिम में से अधिकांश को बाहर निकाला।
घटना : 2 अगस्त को गजसिंहपुर थाना से पुलिसकर्मी ने उड़ायी धोखाधड़ी के मुकदमे की फाइल
नतीजा : दोषी पुलिसकर्मी को निलम्बित किया। फिर किया बहाल।
घटना : 17 अगस्त को ब्लॉक एरिया से वरिष्ठ सोना-चांदी व्यापारी शेर अमरसिंह बीर के पौत्र गुरदेवसिंह के अपहरण का प्रयास।
नतीजा : आज तक अपहरणकर्ताओं की पहचान नहीं।
घटना : सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस और शराब तस्करों के बीच भिड़ंत।
नतीजा : इस भिड़ंत में एक किशोरी के घायल होने से पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूले। मामले को रफा-दफा करने के प्रयास। मीडिया के पता चलने के बाद मुकदमा हुआ दर्ज।
घटना : बिजयनगर पुलिस ने पानी चोरों को पकडऩे से किया इन्कार।
नतीजा : मामले के तूल पकडऩे के बाद पुलिस ने की कार्रवाई।
घटना : प्रेम नगर में कई चोरी की घटनाएं।
नतीजा : 28 अगस्त को पुलिस ने पारदी गिरोह के नाम पर एमपी के कुछ लोगों को पकड़ा। 2 हजार की चोरी के मुजरिम ठहराया।
घटना : 30 अगस्त को अनूपगढ़ में एचआईवी पॉजिटिव द्वारा बालकों को रक्त देने का मामला उजागर
नतीजा : लैबोरेट्री संचालक हेतराम गोयल को पकड़ा। खातिरदारी के बाद उसे जेल भिजवाया। राजनीतिक दबाव में मामले को दबाने के प्रयास।
घटना : पुरानी आबादी थाना के सामने पुलिस की कार्यशैली से रूष्ट महिला द्वारा आत्मदाह का प्रयास।
नतीजा : इतनी बड़ी घटना के बावजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच नहीं।
घटना : 7 सितंबर को पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में एक युवक का सरेआम कत्ल।
नतीजा : मुलजिम को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास नहीं। कांग्रेस नेता मुलजिम को पनाह देने वाले को छुड़ा ले गया।
घटना : 25 सितंबर को पुलिस हिरासत में युवक की मौत।
जांच : एक भी दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं।
मदनलाल मुंजराल की रस्म पगड़ी आज
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। नवीन ब्रेड फैक्ट्री के संचालक अनिल मुंजराल के पिता मदनलाल मुंजराल जिनका विगत दिवस आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी आत्मिक शांति के लिए रस्म पगड़ी कल प्रात: 11 बजे दुर्गेश पैलेस में होगी। राजस्थान खत्री सेवा समिति के अध्यक्ष रघुनाथ राय धवन, महासचिव विनोद सेठी ने श्री मुंजराल के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।
सरदारगढ़ कृषि फार्म के कर्मचारियों पर हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। सूरतगढ़ सदर थाना पुलिस ने घग्घर में पानी को लेकर सरदारगढ़ कृषि फार्म के कर्मचारियों पर गोलियां चलाने के दो आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया।
उप पुलिस अधीक्षक सुरेश सैनी ने बताया कि पिछले दिनों सरदारगढ़ कृषि फार्म के कर्मचारियों पर घग्घर के पानी को लेकर गोलियां चला दी गयी थी। इस मामले में मुश्ताक अली व गुलाब खां निवासी सरदारगढ़ को आज गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से एक 12 बोर बंदूक तथा एक लाठी बरामद की गयी है।
घग्घर नदी में डूबने से बिहारी युवक की मौत
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। घग्घर नदी को पार करने के प्रयास में एक युवक की डूब जाने से मौत हो गयी। यह घटना गत दिवस हुई और आज दोपहर बाद उसका शव मिल पाया। पुलिस ने मृतक के चाचा की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की है।
हनुमानगढ़ जंक्शन थाना के एएसआई बलवंतराम ने जानकारी दी कि पंकज पुत्र विलास मंडल (20) निवासी किशनगंज बिहार गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ मक्कासर आया हुआ था। यहां यह लोग चावल फसल की कटाई कर दिहाड़ी मजदूरी करने के लिए आये थे। गत दिवस पंकज एक अन्य युवक के साथ घग्घर नदी को पार कर रहा था। घग्घर में जहां 10-12 फुट गहराई थी, उधर से नदी को पार करने के प्रयास में पंकज डूब गया। वह तैरना नहीं जानता था। अन्य लोगों ने उसे बचाने के प्रयास किये किंतु कामयाब नहीं हो सके।
पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और नदी में गोताखोरों को उतारा। किंतु रात तक खोज करने के बाद भी सफलता हासिल नहीं हुई। आज प्रात: फिर से प्रयास किये गये। दोपहर बाद उसका शव मिल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के चाचा सत्यनारायण पुत्र भगवानदास मंडल को सौंप दिया गया। उसकी रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज की गयी है। मक्कासर गांव के लोगों की मदद से शव का अन्तिम संस्कार किया गया।
तेजधार हथियार सहित एक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। रावतसर में पुलिस ने एक युवक को तेजधार हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मोहनसिंह थापा निवासी वार्ड नं. 15 को आज प्रात: 3.30 बजे दो तेजधार कापे सहित गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सांप के डंसने से युवक की मौत
श्रीकरणपुर, 27 सितंबर (गौड़)। करणपुर थाना क्षेत्र के गांव 4 एफसी में एक युवक की सांप के डसने से मौत हो गयी। यह घटना देर शाम को हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद पुत्र कृष्णलाल गोदारा आज शाम को खेत में पानी लगाने के लिए गया था। पानी लगाते हुए विनोद को सांप ने डंस लिया। सांप के विष से वह बेहोश हो गया। गांव के लोग उसे अस्पताल ला रहे थे, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। देर रात तक पुलिस थाना में इस संबंध में मर्ग दर्ज नहीं हुई थी।
रेलगाड़ी तले कटने से एक की मौत
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। नोहर थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ में एक व्यक्ति की रेलगाड़ी तले कट जाने से मौत हो गयी। मृतक की शिनाख्त होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसान को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि रामगढ़ के निकट आज दोपहर को 12 बजे एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव मिला। आसपास के गांव के लोगों को शिनाख्त के लिए बुलाया गया तो मृतक की शिनाख्त इकबाल मोहम्मद पुत्र मुस्तबा काजी निवासी रामगढ़ के रूप में हुई। वारिसान के मौके पर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गयी और शव उनके हवाले कर दिया गया। 174 सीआरपीसी में मर्ग दर्ज की गयी है।
भादरा में हत्या कर शव को जलाया
भादरा, 27 सितंबर (महीपाल)। थाना क्षेत्र में खोखरां की ढाणी में एक महिला की हत्या कर उसके शरीर को आग के हवाले कर दिया गया। महिला का कंकाल आज वन विभाग की झाडिय़ों में से पुलिस को मिला है। मृतका की शिनाख्त के प्रयास पुलिस द्वारा किये गये जो सफल नहीं हो सके हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार खोखरां की ढाणी के निकट वन विभाग की भूमि में झाडिय़ों में एक महिला का कंकाल मिला। शव की हालत देखने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा था कि महिला की हत्या करने के बाद उसको आग के हवाले कर दिया गया है। महिला का चेहरा व दायें कंधे को छोड़कर शेष पूरा शरीर आग से बुरी तरह झुलस गया था।
महिला की शिनाख्त के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। फिलहाल 174 सीआरपीसी में मर्ग दर्ज कर जांच आरंभ की गयी है। शव के पास से एक छोटा सा सफेद रंग का कपड़ा मिला है। पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में गुम हुए लोगों की सूची मांग कर इस कंकाल के शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। महिला की उम्र चिकित्सकों ने 30-40 वर्ष के बीच बतायी है।
कुआं धंसने से मजदूर 29 फुट की गहराई में दबा
बिजयनगर के 33 जीबी में हुई घटना
श्रीगंागनगर, 27 सितंबर। श्रीबिजयनगर थाना क्षेत्र के गांव 33 जीबी में एक कुआं धंसने एक मजदूर 27 फुट गहरी खाई में मिट्टी तले दब गया। शाम पांच बजे के करीब हुई इस घटना के कई घंटों के प्रयासों के बावजूद देर रात तक मजदूर को बाहर नहीं निकाला जा सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 33 जीबी स्थित ईंट भ_ा के मालिक अशोक बाघला द्वारा ट्यूबवैल के लिए कुआं खुदवाया जा रहा था। इस कुएं की पांच बजे तक लगभग 29 फुट खुदायी हो गयी थी। कुएं की खुदाई के लिए नीचे पृथ्वीराम पुत्र बीरबलराम कुम्हार निवासी 33 जीबी उतरा हुआ था। अचानक ही मिट्टी भर-भराकर नीचे गिरने लगी। ऊपर कार्य कर रहे मजदूरों ने कुआं धंंसता देखा तो उन्होंने रस्सा फेंककर पृथ्वी को बाहर निकालने का प्रयास किया किंतु तब तक देर हो चुकी थी। वह नीचे धंस गया था।
गांववासियों ने पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी तो सहायक उप निरीक्षक बलदेवसिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीन जेसीबी मशीनों को मिट़्टी हटाने के लिए लगाया। रात 11 बजे तक जेसीबी मशीनों ने लगभग 21 फुट मिट्टी को हटा दिया था। इसके बाद जेसीबी मशीनों द्वारा मिट्टी हटाना संभव नहीं था। इसके बाद मजदूरों को मिट्टी हटाने के लिए लगाया गया। देर रात तक यह काम जारी था। कई घंटे मिट्टी तले दबे रहने से पृथ्वीराम के बचे होने की संभावना नहीं के बराबर है।
एडीशनल एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। गंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने आज रामलीला मैदान में दशहरे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ शहर के सभी थाना प्रभारी थे।
मिली जानकारी के अनुसार कल दशहरे का मुख्य आयोजन सुखाडिय़ा सर्किल के निकट स्थित रामलीला मैदान में किया जायेगा। दशहरे के दौरान भारी भीड़ एकत्र होने की संभावना है। कल सुरक्षा व्यवस्था के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने जायजा लिया। उनके साथ सीओ सिटी विपिन शर्मा, सीओ ग्रामीण राजेश मील, कोतवाल अश्वनी शर्मा, जवाहरनगर थाना प्रभारी रमेश माचरा तथा पुरानी आबादी थाना प्रभारी धीरेन्द्रसिंह शेखावत भी थे।
मैडम निर्मला के गुर्गे सहित पांच सटोरिये गिरफ्तार
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। पुरानी आबादी पुलिस ने आज सटोरियों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए एक-एक कर चार सटोरियों को गिरफ्तार कर लिया। एक सटोरिये को 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई पुलिस के हाथ कुख्यात सट्टाक्वीन के गुर्गे की गिरफ्तारी के बाद की गयी।
थाना प्रभारी धीरेन्द्रसिंह शेखावत ने बताया कि आज प्रात: देवनगर से निर्मला मैडम के गुर्गे आशीष उर्फ कालू को 9 हजार की नकदी तथा 40 हजार रुपये की सट्टा पर्चियों सहित गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि वह यह पर्चियां कई सटोरियों से लेकर आया है। उससे पूछताछ के बाद रमेश पुत्र परमानंद अरोड़ा निवासी वार्ड नं. 9, अशोक पुत्र नारायण दास निवासी वार्ड नं. 8, कालू सोनी पुत्र श्याम सोनी निवासी केदार चौक को गिरफ्तार कर लिया गया। इनको 110 सीआरपीसी में गिरफ्तार कर नेकचलनी के लिए पाबंद किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मैडम के लिए सट्टे का काम करने वाले विक्की उर्फ विक्रम को करणपुर रोड से उसकी दुकान से गिरफ्तार किया गया। उसे शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है।
पेट्रोल तस्करी करते हुए एक गिरफ्तार
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। संगरिया थाना पुलिस ने हरियाणा से तस्करी कर लाये जा रहे 100 लीटर पेट्रोल तथा एक मोटरसाइकिल जब्त कर लिया। इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संगरिया के डीएसपी रामजी चंदेल को इत्तिलाह मिली थी जिसके बाद उनके द्वारा हरियाणा बॉर्डर पर नाकाबंदी की गयी। इस दौरान एक युवक रघुवीरसिंह पुत्र केवलसिंह जटसिख निवासी खैरूवाला मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया। उसने मोटरसाइकिलों पर दो टंकियां टांगी हुई थी। उनकी जांच की गयी तो उसमें 100 लीटर पेट्रोल मिला। रघुवीरसिंह के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसने बताया है कि वह पेट्रोल काफी समय से लेकर आ रहा था।
स्नेहदीप गैस एजेंसी के गोदाम पर छापा, 67 सिलेंडर गायब मिले
श्रीगंगानगर, 27 सितंबर। एक गैस एजेंसी के गोदाम की आज आकस्मिक जांच की गयी तो वहां भारी घपला सामने आया। इस पर जांच अधिकारी प्रवर्तन निरीक्षक ने रिपोर्ट तैयार कर जिला कलेक्टर को आगामी कार्रवाई के लिए सौंप दी है।
प्रवर्तन निरीक्षक सुनील वर्मा ने जानकारी दी कि आज प्रात: जिला कलेक्टर को शिकायत प्राप्त होने पर नाथांवाली स्थित स्नेहदीप गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया था। शिकायत यह प्राप्त हुई थी कि घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे कमर्शियल सिलेंडरों में डाली जा रही है। इस शिकायत की पुष्टि के लिए गोदाम पहुंचे तो गोदाम पर ताला लगा हुआ था।
श्री वर्मा ने बताया कि गोदाम में घरेलू गैस के 6 तथा 3 व्यवसायिक सिलेंडरों का वजन किया गया। जांच में वजन पूरा मिला। इसके बाद वहां मौजूद सिलेंडरों की गिनती की गयी और इसके बाद कार्यालय में स्टॉक रजिस्टर की जांच की गयी। रजिस्टर में 517 घरेलू गैस सिलेंडर होना दर्शाया जा रहा था जबकि गोदाम के अंदर 450 भरे हुए सिलेंडर ही थे। 67 सिलेंडर गायब थे। इसके अतिरिक्त 189 खाली सिलेंडर पाये गये जिसमें 1 एचपी कंपनी का था। इस पर भी गैस एजेंसी के संचालक से पूछताछ की गयी किंतु वह भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। श्री वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान अनेक अनियमितताएं सामने आयी हैं। इसकी रिपोर्ट जिला कलेक्टर को दी जायेगी।
No comments:
Post a Comment