Thursday, October 1, 2009

1 OCtober

प्रशासन ठप करेंगे आठ को
महापड़ाव को चेतावनी सभा में बदला
गेहूं के लिए 6 सिंचाई बारी मांगी
सुरेश मावानी
घड़साना, 1 अक्टूबर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के प्रथम चरण में रबी फसल हेतु सिंचाई की 6 बारी देने की मांग को लेकर आज किसान मजदूर व्यापारी संघर्ष समिति ने एक सभा की। हालांकि आज के कार्यक्रम को महापड़ाव का नाम दिया गया था किंतु इसे बाद में चेतावनी सभा में बदल दिया गया। अब सरकार को मांगों पर निर्णय लेने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।
किसान मजदूर व्यापारी संघर्ष समिति की घड़साना उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सामने चेतावनी सभा हुई। सभा निर्धारित समय 11 बजे से दो घंटे की देरी से आरंभ हुई। सभा में 11 बजे तक तो नाममात्र के आदमी पहुंचे थे। बाद में पांच हजार के लगभग किसान सभा में पहुंचे। सभा को पूर्व विधायक का. हेतराम बेनीवाल, अनूपगढ़ विधायक पवन दुग्गल, संघर्ष समिति के अध्यक्ष संत लेखासिंह सहित अन्य किसान नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार ने अजमेर जेल में समझौता किया था। इस समझौते को आज पांच साल गुजर जाने के बावजूद लागू नहीं किया गया है। पहले कांग्रेसी भी इस संघर्ष में साथ थे तो वे इस समझौते को लागू करने की मांग कर रहे थे आज कांग्रेस सत्ता में है किंतु इस समझौते के नाम पर ही नेता बिदक रहे हैं। वक्ताओं का कहना था कि डैम में पानी की कमी का दुष्प्रचार कर प्रथम चरण के पानी को अन्य हिस्सों में बांटा जा रहा है। रबी फसल के लिए सरकार पहले सिंचाई के लिए पानी देने से साफ इन्कार कर रही थी अब तीन बारी पर आ गयी है किंतु इलाके के किसानों की मांग 6 सिंचाई बारी की है।
वक्ताओं ने कहा कि पहले इसे महापड़ाव का नाम दिया गया था किंतु सरकार को एक सप्ताह का समय दिया जाता है। 8 अक्टूबर को किसान पुन: घड़साना उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के सामने एकत्र होंगे और तब तक भी सरकार ने गेहूं के लिए पानी देने की घोषणा नहीं की तो उस दिन सरकारी दफ्तरों पर किसान कब्जा कर लेंगे। उन्होंने कहा कि गेहूं की बिजाई किसान करेंगे और सरकार को इस फसल के लिए पानी देना ही होगा। सभा के अंत में हेतराम बेनीवाल ने इसे चेतावनी सभा का नाम देते हुए कहा कि 8 अक्टूबर को अगर सरकार ने पानी नहीं दिया तो उस दिन प्रशासन ठप कर दिया जायेगा।
किसानों के महापड़ाव कार्यक्रम को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। हिन्दुमलकोट, मटीली, केसरीसिंहपुर, गजसिंहपुर, घमूड़वाली, रायसिंहनगर, बिजयनगर, रामसिंहपुर, अनूपगढ़, घड़साना तथा रावला थानों के प्रभारी दल-बल के साथ वहां मौजूद थे। आरएएसी तथा अन्य अद्र्धसैनिक बलों की टुकडिय़ां भी सभा स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने में लगायी गयी थी। रायङ्क्षसहनगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार हिंगोनिया को पुलिस व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया था। कई कार्यपालक मजिस्टे्रट भी लगाये गये थे।


ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक की मौत
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। मटीली राठान थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गयी। उसके शव को जिला अस्पताल में रखवाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवप्रकाश पुत्र रामप्रताप निवासी 4 जी छोटी आज मोटरसाइकिल पर सवार होकर मटीली राठान की तरफ से आ रहा था कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने वाहन में टक्कर मार दी। इस टक्कर से शिवप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गयी। उसके शव को जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। उसके विरुद्ध पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आईजीएनपी में रोटेशन का निर्णय टला
श्रीगंगानगर, 1 सितंबर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के रोटेशन संबंधी कार्यक्रम को आज जारी नहीं किया जा सका। कल सोनिया गांधी एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नागौर में कार्यक्रम होने के कारण इसके कल भी जारी होने की संभावना नहीं है।
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता (उत्तर) बिरदीचंद ने जानकारी दी कि जैसलमेर में आज जलपरामर्शदात्री समिति की बैठक थी। इसकी रिपोर्ट शाम तक बीकानेर में आयुक्त के पास नहीं पहुंची। इस कारण से रोटेशन संबंधी निर्णय नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि कल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं सोनिया गांधी व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नागौर में कार्यक्रम हैं। इन कार्यक्रमों को देखते हुए इसके शुक्रवार को भी जारी होने की संभावना नहीं है।
मुख्य अभियंता ने बताया कि जैसलमेर में जलपरामर्शदात्री समिति की बैठक संबंधी रिपोर्ट मिलने के बाद ही इंदिरा गांधी नहर परियोजना के प्रथम चरण में कितना पानी वितरित किया जायेगा, के बारे में निर्णय हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना में प्रथम चरण में समूह को चार भागों में विभाजित कर बारी-बारी एक समूह चलाया जायेगा।

गंगनहर में फिर से कम हुआ पानी
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। गंगनहर में दो दिन दो हजार क्यूसेक से अधिक पानी रहने के बाद आज फिर से कमी हो गयी। चार सौ क्यूसेक पानी होने के कारण तीन नहरों को बंद करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगनहर में आज शाम को 1850 क्यूसेक पानी रह गया। कल तक पानी 22 सौ क्यूसेक था। लगभग चार सौ क्यूसेक पानी कम होने के कारण समेजा, वाई तथा फार्म माइनर को बंद करना पड़ा।

पंद्रह हजार क्विंटल चना सीज
विकास दाल मिल तथा धानमंडी की दो फर्मों के खिलाफ होगी कार्रवाई
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। शहर के तीन गोदामों से मिले 15 हजार क्विंटल चने को सीज कर दिया है। इस मामले में तीन दिन से चल रही जांच आज पूरी हो गयी। इस गड़बड़झाले में धानमंडी की दो व्यवसायिक फर्मों तथा एक दाल मिल के संचालक की भूमिका सामने आयी है। इनके विरुद्ध रिपोर्ट तैयार कर रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंप दी गयी है।
जिला रसद अधिकारी अजयपाल ज्याणी ने जानकारी दी कि बालाजी धाम के निकट दो तथा आजाद टाकीज के पास रेलवे स्टेशन के गोदाम के पास स्थित एक गोदाम की जांच की गयी। जांच में 15 हजार 34 क्विंटल स्टॉक किया हुआ मिला। यह पूरा माल विकास दाल मिल का था। दाल मिल के स्टॉक रजिस्टर को कब्जे में ले लिया गया। यह भी पता चला कि 118 क्विंटल चना मिल के गोदाम में रखा हुआ है।
श्री ज्याणी ने बताया कि दो दिन की जांच के बाद यह सामने आया कि विकास दाल मिल काफी समय से बंद है। विकास दाल मिल ने यह चना धानमंडी की मनोज ट्रेडर्स तथा एनएम ट्रेडर्स से खरीद होना बताया। इसके बाद विकास दाल मिल ने ही इन दोनों फर्मों को चना बेच भी दिया। चने का स्टॉक कर एक-दूसरे को खरीद एवं बेचने की फर्जी एंट्री कर इस कालाबाजारी को एक नंबर में होना दर्शा रहे थे। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि 29 सितंबर को जांच के दौरान यह सामने आया था कि मिल में 118 क्विंटल चने का स्टॉक किया हुआ है। अगले दिन प्रवर्तन निरीक्षक राकेश सोनी को पुन: जांच के लिए भेजा गया तो 118 क्विंटल चना ही वहां मिला। इससे साफ हो गया कि मिल बंद है और वहां दाल का उत्पादन नहीं किया जा रहा। इसकी वीडियोग्राफी कर सबूत जुटाये गये। विकास दाल मिल को जो लाइसेंस दिया हुआ है उसमें चने का बेचान किया ही नहीं जा सकता जबकि मिल के संचालक ने राजस्थान टे्रड आर्टिकल लाइसेंसिंग एण्ड कंट्रोल की धारा 3पी का उल्लंघन करते हुए कच्चा माल ही बेच दिया। वहीं 25 सितंबर तक एक हजार क्विंटल चने का स्टॉक किया जा सकता था जबकि इससे कहीं अधिक माल पाया गया।
मामले की जांच पूर्ण हो गयी है। गोदाम में रखे हुए 15 हजार क्विंटल चने को सीज कर दिया गया है। गोदामों के प्रबंधकों को हिदायत दी गयी है कि प्रशासन की अनुमति के बिना वहां से माल को नहीं हटाया जाये। श्री ज्याणी ने बताया कि जिला कलेक्टर को कल तक रिपोर्ट सौंप दी जायेगी।

शराब तस्करों की जोरआजमाइश में एक की हत्या
चुरू, 1 अक्टूबर। जिले के राजगढ़ कस्बे में शराब तस्करों के बीच चल रही तनातनी के बीच में आज एक और व्यक्ति की हत्या कर दी गयी। मृतक दिवंगत बसपा नेता वीरेन्द्रसिंह न्यांगली गुट का बताया जाता है। जबकि आरोपी फगेडिय़ा गुट के हैं। पुलिस ने हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ की है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील पुत्र हरचंद नायक निवासी राघा छोटी की रिपोर्ट पर रविन्द्र उर्फ बंटिया, सुरेन्द्र महला, बंसिया ड्राइवर, धोलिया मील, महेन्द्र फगेडिय़ा, सतीश व मीरूसिंह आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आज प्रात: 9 बजे संजय पुत्र प्रहलाद नायक निवासी राघा छोटी अपनी बहन को बस पर चढ़ाने के लिए गांव के बस अड्डे पर आया था। इस दौरान उसके साथ सुनील पुत्र हरंचद नायक भी था। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो जीप में आरोपी आये। इन लोगों के पास बंदूक और पिस्तोल थी।
सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने गोलियां की बौछार की। एक गोली संजय की पीठ में लगी। हमलावर वहां से भाग गये। घायल को गंभीर हालत में राजगढ़ सीएचसी में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ की है। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
बताया जाता है कि राजगढ़, सिद्धमुख व हमीरवास में इन दिनों हरियाणा से बड़ी मात्रा में शराब तस्करी कर लाई जा रही है। पुलिसकर्मियों की मिलीभगत भी इनके साथ नजर आ रही है। पुलिस का पूरा संरक्षण मिलने से वहां शराब तस्करों में तनातनी भी चल रही है और इसी तनातनी के बीच आज यह वारदात हो गयी। इस गुट पर वीरेन्द्र न्यांगली की हत्या करने का आरोप भी लगा था।

गंगानगर की जेल में घमासान, एक घायल
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। गंगानगर की केन्द्रीय जेल में कैदियों के दो गुटों मे झगड़ा हो जाने से एक विचाराधीन कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में घायल के बयानों के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बलजीतसिंह पुत्र शेरसिंह जो पुरानी आबादी में राजकुमार नामक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में विचाराधीन कैदी है, उससे कुछ लोगों ने मारपीट की। इस संबंध में बलजीतसिंह ने पर्चा बयान दिया है कि जेल कर्मी लक्ष्मीनारायण मीणा उससे अवैध रूप से पैसे की मांग करता है। उसके द्वारा इन्कार किया गया तो उसके इशारे पर नत्थूराम व कुछ अन्य कैदियों ने मारपीट की। उसके सिर पर गहरी चोट आयी है। पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।

ससुर को जिंदा जलाने का प्रयास
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। घड़साना में एक महिला ने अपने भाई व कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर अपने ससुर पर तेल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया। उसे बीकानेर रैफर किया गया है। घड़साना थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 307 में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरियाम सिंह पुत्र जंगसिंह निवसी 1 जीडी ने बताया है कि उसकी पुत्रवधू ने अपने भाई तथा कुछ अन्य लोगों के साथ मारपीट की और उस पर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने भादंसं की धारा 307 में मुकदमा दर्ज किया है। वरियामसिंह को बीकानेर रैफर कर दिया गया है।

नरेगा मजदूर का यौन शोषण
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। एक नरेगा महिला मजदूर को शादी का झांसा देकर तीन-चार माह तक यौन शोषण किये जाने के मामले में महिला थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। थानापुलिस ने बताया कि अनिता (नाम तब्दील) ने बताया कि वह महिला मजदूर है। उसके पति का निधन कुछ माह पहले हो गया था। सोनू पुत्र छिन्दासिंह निवासी कालियां ने उसे शादी का झांसा दिया और उसका यौन शोषण करता रहा। पुलिस ने भादंसं की धारा 376 में मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ की है।




मिट्टी के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत, एक गंभीर
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। टिब्बी में एक व्यक्ति की मिट्टी तले दब जाने से मौत हो गयी जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद पुत्र रामकिशन शर्मा तथा उसका साथी शंकर मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इस खुदाई की मिट्टी को चार-पांच अन्य व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाल रहे थे। इस दौरान मिट्टी भरभरा कर दोनों पर गिर गयी। वहां मौजूद लोगों ने तुरत-फुरत में मिट्टी को हटाया और रामकिशन व शंकर को टिब्बी सीएचसी में भर्ती करवाया। वहां विनोद को मृत घोषित कर दिया गया। शंकर की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उसे ऑक्सीजन लेने में परेशान हो रही है। 174 सीआरपीसी में मर्ग दर्ज कर जांच आरंभ की गयी है।

थाना में आकर आत्मदाह की धमकी
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। पुलिस थाना में आकर एक सहायक उप निरीक्षक को आत्मदाह की धमकी देने पर पुलिस ने युवक को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया है।
पुरानी आबादी थाना प्रभारी धीरेन्द्रसिंह शेखावत ने बताया कि सतीश अरोड़ा पुत्र रामचंद्र अरोड़ा निवासी श्यामनगर की पत्नी नाराज होकर हनुमानगढ़ में अपने रिश्तेदारों के पास चली गयी है। इस संबंध में सतीश अरोड़ा ने अपनी पत्नी को वापिस लाने संबंधी एक रिपोर्ट दी है। इस रिपोर्ट की जांच सहायक उप निरीक्षक राकेश गोदारा द्वारा की जा रही है। श्री शेखावत ने बताया कि आज युवक सतीश अरोड़ा पुलिस थाना पहुंचा और मामले की जल्दी जांच पूर्ण करने एवं उसकी पत्नी को वापिस लाने की मांग करने लगा। युवक ने कहा कि अगर उसकी पत्नी को जल्दी नहीं लाया गया तो वह पुलिस थाना के सामने आत्मदाह कर लेगा। युवक द्वारा धमकी देने पर उसे तुरंत 151 सीआरपीसी में गिरफ्तार कर लिया गया।

फोटो अर्जुन राजपाल
कांग्रेस सेवादल की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित
श्रीगंगानगर, 1 अक्टूबर। नागौर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आज कांग्रेस सेवादल की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश कांग्रेस के मुख्य संगठक सुरेश चौधरी तथा प्रदेश प्रभारी रामजीलाल ने ली। इस बैठक में बाद में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी पहुंचे।
नागौर से प्रदेश कांग्रेस सेवादल के संगठन मंत्री अर्जुन राजपाल ने बताया कि इस बैठक में प्रदेश भर के कांग्रेस सेवादल के जिला मुख्य संगठक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे। गंगानगर से उनके अतिरिक्त जिला संगठन मंत्री सुभाष मेहता, हुकमाराम सुथार भी उपस्थित थे।

No comments:

national

3/national/feat-list

headline

3/headline/feat-list

Rajasthan Election

3/Rajasthan Election/feat-list

rajasthan

3/rajasthan/feat-list

sriganganagar

3/sriganganagar/feat-list